खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में साइकिल रैली एवं अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सिंगरौली। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के मार्गदर्शन में दिनांक 30 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम से साइकिल रैली एवं अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

साइकिल रैली को खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री हेमंत कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट के पास पहुंची तथा रिलायंस चौराहा, कॉन्वेंट चौराहा, ट्रामा सेंटर एवं थाना रोड होते हुए पुनः राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में संपन्न हुई। रैली में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर “स्वस्थ जीवन–सकारात्मक सोच” का संदेश दिया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कुमार द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों एवं आमजन को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। आयोजन को सफल बनाने में विंध्याचल समिति, विंध्यनगर के श्री इमरान खान एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। समिति द्वारा प्रतिभागियों के लिए आवश्यक खेल किट उपलब्ध कराई गई।

*अंडर-17 क्रिकेट में आदित्य-11 ने जीता रोमांचक मुकाबला*

साइकिल रैली के पश्चात अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में बलियारी-11 एवं आदित्य-11 के बीच 10 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया। आदित्य-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलियारी-11 की टीम निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 24 रन से मुकाबला हार गई। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच ध्रुव शर्मा एवं बेस्ट बॉलर काजल रहे। क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह एवं समाजसेवी श्री हीरा शुक्ला उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खिलाड़ियों को टी-शर्ट एवं खेल किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का प्रभावी साधन भी हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने एवं उन्हें खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

*कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल एवं युवा कल्याण विभाग से श्री राकेश कुमार मिश्रा, श्री प्रियंक तिवारी एवं श्री शालू खान का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।*

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]