प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। 2014 में शुरू हुआ यह कार्यक्रम अब एक प्रमुख जनसंपर्क मंच बन चुका है।

रविवार के एपीसोड में उन्होंने देश की बढ़ती ताकत और आत्मनिर्भरता का खाका पेश किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ‘उनकी हालिया अपीलों का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। कई परिवारों ने शादी-ब्याह में नया सोना नहीं खरीदने का फैसला किया है, जबकि बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए कार पूलिंग अपना रहे हैं।’

पीएम मोदी ने कहा कि ‘देश के हर नागरिक का आभारी हूं कि मेरी अपील का उन्होंने न सिर्फ समर्थन किया, बल्कि उसमें सहयोग भी किया। कई परिवारों ने तय किया है कि घर के विवाह में सोना नहीं खरीदेंगे। जरूरत हुई तो पुराने सोने को ही रीसाइकिल करेंगे।’ उन्होंने कहा कि ‘यह देखकर खुशी होती है कि भारतीय नागरिक वैश्विक चुनौतियों का सामना सामूहिक रूप से कर रहे हैं, मैं देश की जनता के प्रति आभार व्यक्त करता हूं और शुक्रगुजार हूं।’

पीएम मोदी ने क्यों की थी यह अपील?

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और उसके कारण वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत, कार पूलिंग अपनाने और एक वर्ष तक सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। इसके अलावा उन्होंने विदेश यात्राओं में कटौती, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने का भी आग्रह किया था।

किसानों से भी किया था पीएम मोदी ने आग्रह

मन की बात में पीएम मोदी ने याद दिलाया कि उन्होंने किसानों से रसायन-मुक्त खेती अपनाने, खेतों की उर्वरता बचाने और प्राकृतिक खाद के अधिक उपयोग का आग्रह किया था। उनका मानना है कि इससे खेती की लागत घटेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

नौसेना की उपलब्धियों का भी किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना की नई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जून का महीना देश के लिए गर्व का विषय रहा है। हाल ही में कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आईएनएस दूनागिरी (INS Dunagiri), आईएनएस संशोधक (INS Sanshodhak) और आईएनएस अग्रय (INS Agray) को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया है। ये तीनों युद्धपोत स्वदेशी तकनीक की मिसाल हैं, जिनका डिजाइन और निर्माण पूरी तरह घरेलू स्तर पर किया गया है।

पीएम मोदी ने गिनाईं भारत की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में भारत की आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक विरासत, विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े कई प्रेरक विषयों पर बात की। इस दौरान उन्होंने देश के पहले मेड इन इंडिया C-295 सैन्य विमान की पहली उड़ान, INS दूनागिरी, योग की वैश्विक सफलता और स्थानीय नवाचारों की सराहना की।

Mann ki Baat की 10 बड़ी बातें

  • पीएम मोदी ने कहा कि भारत “समुद्र से आसमान तक” आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और मेड इन इंडिया C-295 विमान इसकी बड़ी मिसाल है।
  • उन्होंने स्वदेशी रक्षा उत्पादन और नौसेना की क्षमताओं को मजबूत करने में INS दूनागिरी जैसे प्लेटफॉर्म की भूमिका का उल्लेख किया।
  • प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि योग आज पूरी दुनिया को जोड़ने का माध्यम बन चुका है।
  • उन्होंने देशभर के युवाओं को विज्ञान और खगोल विज्ञान (Astronomy) से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा विभिन्न एस्ट्रोनॉमी क्लबों के प्रयासों की सराहना की।
  • केरल के अलुवा में हजारों लोगों को तैराकी सिखाने वाले समाजसेवी साजी वलाशेरिल के कार्य को प्रेरणादायक बताया।
  • नीदरलैंड्स से चोल काल की प्राचीन ताम्रपट्टिकाओं की भारत वापसी को देश की सांस्कृतिक धरोहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
  • छत्तीसगढ़ के मल्हार में मिली प्राचीन ताम्रपट्टिकाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत के समृद्ध इतिहास और पुरातात्विक विरासत पर गर्व जताया।
  • प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में गंगा डॉल्फिन बचाव अभियान और देश की पहली गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू एम्बुलेंस की सराहना की।
  • उन्होंने गर्मी के मौसम में पारंपरिक भारतीय पेय जैसे आम पन्ना, छाछ, सत्तू शरबत और कोकम शरबत को स्वास्थ्यवर्धक बताया।
  • पीएम मोदी ने अंधविश्वास से दूर रहने, वैज्ञानिक सोच अपनाने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने का भी संदेश दिया।
Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]