यूपी में बिना परीक्षा महिलाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। अगर आप यूपी में रहती हैं और सरकारी नौकरी की तलाश कर रही हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर आने वाला है। राज्य सरकार जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्रों में खाली पड़े हजारों पदों को भरने की बड़ी तैयारी में है।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने इस भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का फैसला किया है और इसके लिए सभी जिलों से खाली पड़े पदों का पूरा ब्यौरा (विवरण) मांग लिया है।
माना जा रहा है कि जिलों से रिपोर्ट मिलते ही विभाग बहुत जल्द अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर देगा। इस बंपर भर्ती के जरिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। सरकार के इस कदम से राज्य की उन हजारों महिलाओं को रोजगार का मौका मिलेगा जो 12वीं पास हैं और नौकरी की तलाश में भटक रही हैं।
28 हजार से ज्यादा पदों पर होगी सीधी भर्ती
अगर पदों की संख्या की बात करें तो यह भर्ती बेहद बड़े पैमाने पर होने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रस्तावित भर्ती के तहत कुल 28,608 पदों को भरा जाना है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 7,068 पद शामिल हैं, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका के लिए कुल 21,540 पदों पर वैकेंसी निकाली जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत करना है, ताकि कर्मचारियों की कमी के कारण बच्चों और महिलाओं से जुड़े काम प्रभावित न हों।
