भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अमेरिका की T20 लीग मेजर लीग क्रिकेट में खेलते दिखेंगे

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अमेरिका की T20 लीग मेजर लीग क्रिकेट में खेलते दिखेंगे. इसके लिए उनका करार मेजर लीग क्रिकेट की टीम सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ हुआ है.
बड़ी बात ये है कि सैन फ्रैंसिस्को की टीम से 3 पाकिस्तानी खिलाड़ियों का भी करार है. यानी कि अश्विन को उनके साथ मिलकर इस टीम के लिए जीत का जोर लगाना होगा.
इन 3 पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ खेलेंगे अश्विन
जिन 3 पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ अश्विन को खेलना है वो पहले से ही सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का हिस्सा हैं. अश्विन को पाकिस्तान के हारिस रऊफ, अबरार अहमद और हसन खान के साथ खेलना होगा. हारिस रऊफ के साथ सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का करार शुरुआती सीजन यानी 2023 से ही है. वहीं अबरार अहमद और हसन खान को इस फ्रेंचाइजी ने 2024 में खुद से जोड़ा.
MLC के चौथे सीजन के लिए अश्विन का करार
2023 से शुरू हुए मेजर लीग क्रिकेट का इस बार चौथा सीजन होने जा रहा है, जिसके लिए सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स ने अश्विन के साथ करार किया है. चौथे सीजन की शुरुआत 19 जून से होने जा रही है. वहीं सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स इसमें अपना पहला मैच 20 जून को लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी. अश्विन कब से MLC में अपनी टीम जॉइन करेंगे ये फिलहाल साफ नहीं है.
MLC में कैसा रहेगा अश्विन की टीम का शेड्यूल?
मेजर लीग क्रिकेट 6 टीमों के बीच का T20 टूर्नामेंट है. इसमें सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2024 में देखने को मिला था, जब वो रनर-अप रही थी. चौथे सीजन में सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के शेड्यूल की बात करें तो 20 जून को पहला मुकाबला खेलने के बाद ये टीम अगले दो मुकाबलों में बैक टू बैक टेक्सास सुपर किंग्स का सामना करेगी. ये मुकाबले 21 जून और 25 जून को खेले जाएंगे. 27 जून को सिएटल ओरकास से मुकाबला होगा जबकि 29 जून को सैन फ्रैंसिस्को की टीम वॉशिंगटन फ्रीडम का सामना करेगी.
