एनटीपीसी शक्तिनगर यूनिट-3 विस्तार कार्य में मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
एनटीपीसी शक्तिनगर यूनिट-3 विस्तार कार्य में मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

संवाददाता राजू यादव
सोनभद्र |शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी परियोजना की यूनिट-3 के विस्तार कार्य में लगे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएँ सामने आ रही हैं। प्राप्त जानकारियों के अनुसार, कार्य में संलग्न कुछ ठेका कंपनियों द्वारा मजदूरों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए अनुचित एवं असुरक्षित वाहनों का उपयोग किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पिकअप जैसे वाहनों में मजदूरों को क्षमता से अधिक भरकर लाया-ले जाया जा रहा है, जहाँ न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार के सुरक्षा मानकों का पालन। यह स्थिति न केवल श्रम कानूनों की भावना के विपरीत प्रतीत होती है, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाती है।
स्थानीय लोगों एवं मजदूर संगठनों का कहना है कि यदि इस ओर समय रहते श्रम विभाग, एनटीपीसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
यह अपेक्षा की जाती है कि संबंधित विभाग इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए आवश्यक जांच एवं सुधारात्मक कदम उठाएंगे, ताकि मजदूरों को सुरक्षित परिवहन और कार्य वातावरण मिल सके।
मजदूरों की सुरक्षा सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है।
प्रशासन और प्रबंधन से अपील है कि इस विषय पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करें।
