नौगड़ शासकीय मेडिकल कॉलेज का विधायक राजेंद्र मेश्राम ने किया औचक निरीक्षण….
नौगड़ शासकीय मेडिकल कॉलेज का विधायक राजेंद्र मेश्राम ने किया औचक निरीक्षण

सिंगरौली जिले के नौगड़ स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज का विधानसभा क्षेत्र देवसर के लोकप्रिय विधायक माननीय डॉ. राजेंद्र मेश्राम ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और संपूर्ण परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. मेश्राम ने कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों से उन्होंने उनके अनुभव, अपेक्षाएँ एवं समस्याओं की जानकारी ली और बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर सुझाव साझा किए। इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि नौगड़ का शासकीय मेडिकल कॉलेज आज केवल क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश से आने वाले विद्यार्थियों के लिए उच्च चिकित्सा शिक्षा का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच जाकर उनसे प्रत्यक्ष संवाद करना अत्यंत प्रेरणादायक है और इससे व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जा सकते हैं।
