भारत ने सेमीफाइनल में बनाई जगह……

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत ने न्यूज़ीलैंड डीएलएस विधि से 53 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस जीत का श्रेय अपनी ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल को दिया, जिन्होंने शानदार पारियों से टीम को मजबूत शुरुआत दी.स्मृति मंधाना ने 95 गेंदों में आक्रामक 109 रन बनाए, जबकि प्रतीका रावल ने 134 गेंदों में 122 रन की पारी खेली. इन दोनों ने मिलकर 212 रनों की साझेदारी निभाई और भारत ने 49 ओवर में 340/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया. बारिश के कारण लक्ष्य संशोधित होकर न्यूज़ीलैंड को 44 ओवर में 325 रन का पीछा करना पड़ा, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्हें 271/8 पर रोक दिया.मैच के बाद डीवाई पाटिल स्टेडियम में हरमनप्रीत ने कहा, ‘आज आसान नहीं था. पूरी टीम ने जिस तरह से खेला, उस पर मुझे गर्व है. हमें पता था कि यह मैच कितना अहम है. हम सब बहुत जोश में थे और खेल के बाद बेहद खुश हैं.’कप्तान ने आगे कहा, ‘हम कई बार अच्छी शुरुआत लेते रहे, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए. आज स्मृति और प्रतीका ने जिम्मेदारी ली और शानदार खेल दिखाया. इसी वजह से हमें अच्छा स्कोर मिला.’
