मधुबनी में लोगों को तोहफा देंगे सीएम नीतीश कुमार 8300 से ज्यादा योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी आनंद शर्मा व पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से परसाही सिरसिया स्थित पश्चिमी कोसी नहर के किनारे विद्युत पावर ग्रिड के बगल में एक ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया।
इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, पुलिस निरीक्षक, और थानाध्यक्ष उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अधिकारियों एवं दण्डाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्य के दौरान शक्ति का उपयोग करते हुए सभ्य एवं सौम्य भाषा का प्रयोग करें।
डीएम ने मुख्यमंत्री की यात्रा को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी अधिकारियों से असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और उपद्रवियों को तुरंत नियंत्रण में लेने का भी निर्देश दिया।
डीएम ने बताया कि पीने के लिए पानी एवं शौचालयों की भी व्वस्था रहेगी। इसे सुव्यवस्थित रखे जाने का निर्देश दिया प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि यात्रा को बिना किसी व्यवधान के सफल बनाया जा सके।
इन योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन
8247.08 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास
81.74 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा
प्रमुख योजनाओं में पश्चिमी कोशी नहर परियोजना का विस्तारीकरण, नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्य एवं मधुबनी रिंग रोड आदि शामिल है।
प्राप्त सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री का प्रस्तावित मिनट-टू-मिनट
खुटौना प्रखंड अन्तर्गत परसाही चौक के निकट चर्तुभुज ग्राम में धोखरा नदी से पूरब नवनिर्मित हेलीपैड पर पधारेंगे। तत्पश्चात सड़क मार्ग से करीब चार किमी. सिरसिया परसाही स्थित पावर ग्रीड के मैदान में आयोजित संवाद स्थल के लिये प्रस्थान करेंगे।
12:50 बजे पावर ग्रीड के मैदान में संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत कार्यकर्त्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके उपरांत सड़क मार्ग से परसाही चौक के निकट चर्तुभुज ग्राम में धोखरा नदी से पूरब नवनिर्मित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिये प्रस्थान करेंगे।
