50 हजार रुपये का इनामी गो तस्कर अमेठी के जुरई पुरवा निवासी अरमान को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।
50 हजार रुपये का इनामी गो तस्कर अमेठी के जुरई पुरवा निवासी अरमान को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।

उसे रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी बाईपास से पकड़ा गया। उसके खिलाफ अमेठी व चंदौली में गैंग्सटर समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं।अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ लाल प्रताप सिंह के अनुसार टीम चंदौली में मौजूद थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि इनामी गो तस्कर रामनगर के भीटी बाईपास पर मौजूद है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय, आदित्य कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी गौरव सिंह की टीम ने घेरेबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में बताया कि उसका गिरोह है जो उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से पशुओं की असम, पश्चिम बंगाल में तस्करी करते हैं। दो साल पहले चंदौली के सैयदराजा थाने में उसके खिलाफ गैंग्सटर का मुकदमा दर्ज होने के बाद हरियाणा, मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद में छुपकर रह रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय की ओर से गैरजमानती वारंट व कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
