बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक, CWC बैठक में खड़गे-राहुल की जोड़ी ने BJP को घेरा

कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व वाली कार्यसमिति (CWC) की अहम बैठक बुधवार, 24 सितंबर को पटना में हुई। यह पहली बार है जब आज़ादी के बाद कांग्रेस ने बिहार में अपनी वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है।
इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर हमलावर होना है। बैठक का आयोजन सुबह 10:30 बजे पटना के सदाकत आश्रम में हुआ। बैठक से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य मुख्यालय पर कांग्रेस का झंडा फहराया।
कौन-कौन नेता मौजूद
इस CWC बैठक में स्थायी और बुलाए गए सदस्यों के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता शामिल हुए। बैठक में खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कोषाध्यक्ष अजय माकन, महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सचिन पायलट और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
