79वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवमय अवसर पर नगर निगम मुख्यालय परिसर में मा० महापौर श्री अशोक कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया

79वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवमय अवसर पर नगर निगम मुख्यालय परिसर में मा० महापौर श्री अशोक कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया।

अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में मा० महापौर ने पिछले दो वर्षों में नगर निगम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा —
• नगर निगम की सबसे बड़ी ताकत हमारे 7200 सफाई मित्र हैं, जिनकी मेहनत से पूरा शहर स्वच्छ और सुंदर बना हुआ है।
• नगर निगम का बजट दो वर्ष पूर्व 900 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1300 करोड़ रुपये हो गया है, और यह उपलब्धि बिना कोई टैक्स बढ़ाए हासिल की गई है।
• जलकल विभाग को सुदृढ़ किया गया है, ठेकेदारी सीवर व्यवस्था समाप्त कर प्रत्येक पार्षद वार्ड में तीन-तीन सीवर सफाई कर्मी नियुक्त किए गए हैं।
• महाकुंभ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की मेजबानी में नगर निगम ने अथक परिश्रम कर वाराणसी की पहचान और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी।

इस अवसर पर मा० महापौर ने 429 नई रिक्शा ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर नगर को समर्पित किया, जो विभिन्न वार्डों में कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगी। उन्होंने सभी विभागों के कार्यों की सराहना करते हुए घोषणा की कि आगामी नए सदन भवन का शिलान्यास मा० प्रधानमंत्री जी के कर कमलों से किया जाएगा।

नगर आयुक्त श्री अक्षत वर्मा ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम वाराणसी का सबसे महत्वपूर्ण विभाग है और जैसे आजादी के लिए पूरा देश एकजुट हुआ था, वैसे ही शहर के विकास और स्वच्छता के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में प्राप्त बेहतर रैंक पर सभी को बधाई दी और कहा कि जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, वहां तेजी से कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जन सम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, अतिक्रमण इंचार्ज संजय श्रीवास्तव, कर्मचारी संघ अध्यक्ष मनोज कुमार, पूर्व उपसभापति सुरेश कुमार चौरसिया ने भी अपने विचार रखे।

मा० महापौर ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पांच सफाई मित्र — मिशाल, आशीष नारायण, सपना, विनोद, अर्जुन; सर्वश्रेष्ठ राजस्व वसूली के लिए राजस्व निरीक्षक सतेन्द्र कुमार विश्वकर्मा; कंप्यूटरीकरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए कंप्यूटर प्रोग्रामर दिनेश कुमार दुबे और कंप्यूटर ऑपरेटर सौरभ गुप्ता को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस गरिमामय समारोह में मा० पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]