सुप्रीम कोर्ट ने तेलंगाना में वकील दंपति की हत्या के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया……

सुप्रीम कोर्ट ने तेलंगाना में वकील दंपति की हत्या के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया है। वकील दंपति की हत्या साल 2021 में तेलंगाना के पेदापल्ली जिले में हुई थी। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह ने जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया।जांच सीबीआई को सौंपने के लिए याचिका वकील गट्टू वामन राव के पिता गट्टू किशन राव ने दायर की थी। गट्टू वामन राव के साथ ही उनकी पत्नी पीवी नागमनी की भी हत्या कर दी गई थी।दंपति तेलंगाना उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करते थे। आरोपियों ने चाकू और अन्य धारदार हथियारों से रामगिरि मंडल के एक गांव में दंपति की गाड़ी पर हमला किया था और हमले के बाद मौके से फरार हो गए थे। दंपति ने पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के मामले में अदालत में याचिका दायर की थी। इस मामले में दंपति ने आरोप लगाया था कि पुलिस द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। दंपति ने कई अन्य मुद्दों पर भी अलग-अलग अदालतों में याचिका दायर की हुई थी।
