खान यूनिस और गाजा सिटी में हुए हमलों में नौ नागरिकों के मारे जाने का दावा…..

इजराइली रक्षा बलों के आज सुबह खान यूनिस और गाजा सिटी में हुए हमलों में नौ नागरिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। फिलिस्तीनी प्राधिकरण की आधिकारिक समाचार एजेंसी वफा ने दो अस्पतालों के सूत्रों के हवाले से यह खबर प्रसारित की है।गाजा पट्टी के दक्षिण में खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल के चिकित्सा सूत्रों ने बताया कि खान यूनिस के अल-मजयदा इलाके में आईडीएफ ने एक तंबू को निशाना बनाया। इस हमले के बाद पांच शव और कई घायलों को अस्पताल लाया गया। ऐसा ही एक दावा गाजा सिटी स्थित बैपटिस्ट अस्पताल के सूत्रों ने किया है। गाजा सिटी के इस अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, शहर के दक्षिण-पूर्व में अल-जैतून इलाके में अल-फारूक मस्जिद के पास अल-होसरी परिवार के घर पर इजराइली बलों ने बमबारी की। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
