हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है-गृह मंत्री

गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आधिकारिक भाषा हिंदी और भारतीय भाषाओं के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदी का विरोध किसी भारतीय भाषा से नहीं है बल्कि हिंदी भारतीय भाषाओं की सखी है।
गृह मंत्री ने कहा कि जहां तक देश की बात है तो भाषा केवल संवाद का ही माध्यम भर नहीं है, बल्कि यह देश की आत्मा है। इसलिए देश की भाषाओं को जिंदा और उन्हें समृद्ध करना जरूरी है। गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय भाषाओं के विकास के लिए ही सरकार ने भारतीय भाषा अनुभाग की स्थापना की है।
हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है-गृह मंत्री
गह मंत्री ने कहा, ‘हमने भारतीय भाषा अनुभाग की स्थापना की क्योंकि मैं मानता हूं कि हिंदी किसी भी भारतीय भाषा का विरोधी नहीं हो सकता है। हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है। हिंदी और भारतीय भाषाएं मिलकर आत्म-गौरव के उत्थान कार्यक्रम को उसके अंतिम लक्ष्य तक ले जाएंगी। भारतीय भाषा अनुभाग न केवल भारत सरकार बल्कि हर राज्य की सहायता करेगा। राज्यों और भारत का प्रशासन भारतीय भाषाओं के आधार पर ही हो। तत्काल अनुवाद की सुविधा वाले कई सॉफ्टवेयर बन रहे हैं। अनुवाद की उन्नत प्रणालियां बन रही हैं। विभिन्न भाषाओं के लिए व्यापक शब्दकोश और डाटा संग्रह भी बन रहा है। सरकारी, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं तकनीक की भाषा पर काम हो रहा है।’
