शशि थरूर ने ब्राजील में पाकिस्तान का नाम लेकर क्यों कहा…..

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आतंकवादी संगठनों का जिक्र रोकने में पाकिस्तान का समर्थन करने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने चीन की कड़ी आलोचना की है.संयुक्त राष्ट्र में लश्कर ए तैयबा समर्थित ‘प्रतिरोधक मोर्चे’ को बचाने में बीजिंग की भूमिका की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, “हम यूएन की प्रतिबंध समिति को समय समय पर इस समूह के बारे में रिपोर्ट भेजते रहे हैं. जब हमने सुरक्षा परिषद में अपने सहयोगियों से प्रेस बयान में इस संगठन का नाम जोड़ने का अनुरोध किया, तब भी चीन ने पाकिस्तान के कहने पर इसका विरोध किया.”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे दुख है कि पाकिस्तान ने चीन के समर्थन से आतंकी संगठन का नाम हटवा दिया, जिससे बयान में इसका कोई उल्लेख ही नहीं रह गया. आज हम और आप दोनों सुरक्षा परिषद के सदस्य नहीं हैं. यह स्थिति बदलनी चाहिए. हमें एक साथ परिषद में होना चाहिए.”
थरूर ने यह बयान ब्राजील के पूर्व विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र में ब्राजील के पूर्व राजदूत सेल्सो अमोरिम के साथ चर्चा के दौरान दिया. उन्होंने कहा कि भू राजनीतिक गठबंधनों के कारण भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद से लड़ने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
