बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 किलो से अधिक चांदी के गहने बरामद किए

बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 किलो से अधिक चांदी के गहने बरामद किए हैं। इसकी अनुमानित कीमत 42 से 44 लाख रुपए बताई जा रही है। यह चांदी सियालदह-सहरसा हाटे-बाजारे एक्सप्रेस की जनरल बोगी से बरामद की गई।इस दौरान पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के दो युवकों को गिरफ्तार भी किया गया है। रेलवे पुलिस और सेल टैक्स विभाग इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
रेलवे एसपी के अनुसार, पचास हजार से अधिक मूल्य की वस्तु के अंतरराज्यीय परिवहन के लिए ई-वे बिल अनिवार्य होता है। लेकिन इस मामले में ई-वे बिल नहीं पाया गया, जिससे यह मामला टैक्स चोरी का लग रहा है। पुलिस का कहना है कि चांदी के गहनों को कोलकाता से ट्रेन के जरिए कटिहार लाया जा रहा था।
रेलवे पुलिस के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि बरामद चांदी वैध है या चोरी की गई। सेल टैक्स अधिकारियों को भी इस बारे में जानकारी दी गई है, जो मामले की जांच कर रहे हैं। अगर चांदी वैध दस्तावेजों के साथ पाई गई तो इसे व्यापारी को सौंप दिया जाएगा, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
