इजरायल हमास में जारी युद्ध विराम के चलते बंधकों की रिहाई का क्रम जारी……

इजरायल हमास में जारी युद्ध विराम के चलते बंधकों की रिहाई का क्रम जारी है। गाजा में एक वर्ष से अधिक समय तक बंधक बनाए रखे जाने के बाद रिहा किए गए थाईलैंड के पांच श्रमिक रविवार को बैंकॉक पहुंचे।थाईलैंड के पांच श्रमिकों सारुसाक रुम्नाओ, वचरा श्रीआउन, साथियान सुवानाखम, पोंगसाक थाएना और बन्नावत सैथाओ को 30 जनवरी को रिहा किया गया था। इजरायल और हमास के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से रिहा किए गए थाईलैंड के लोगों का यह दूसरा समूह था। इससे पहले नवंबर 2023 में हुए पहले संघर्ष विराम समझौते के तहत थाईलैंड के 23 नागरिकों को रिहा किया गया था। यह समझौता कतर और ईरान की सहायता से थाईलैंड और हमास के बीच हुआ था। सभी पांच लोगों की पहले तेल अवीव में एक अस्पताल में जांच की गई। तेल अवीव में थाईलैंड के दूतावास के अनुसार इस यात्रा की व्यवस्था इजरायल सरकार ने की थी।
