केरल के अलाप्पुझा के पूचक्कल में सैर पर निकले कांग्रेस नेता को बस ने टक्कर मार दी हादसे में कांग्रेस नेता की मौत

केरल के अलाप्पुझा के पूचक्कल में सुबह सैर पर निकले कांग्रेस नेता को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कांग्रेस नेता की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अलप्पुझा जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के कार्यकारी समिति के सदस्य 70 वर्षीय एमआर रवि को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी।अधिकारी ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय रवि की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पेरुंबवूर से बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
पुलिस ने केरल के पेरुंबवूर से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया। पेरुम्बवूर अन्य राज्यों से आए मजदूरों का एक प्रमुख केंद्र है। प्रवासी मजदूरों के बीच एक बांग्लादेशी नागरिक के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम ने तलाशी अभियान चलाया। यहां से एक बांग्लादेशी महिला थस्लीमा को हिरासत में लिया। वह कुछ समय से एक बिहारी के साथ इस इलाके में रह रही थी।पुलिस ने बताया कि उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एर्नाकुलम ग्रामीण के एसपी वैभव सक्सेना ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पेरुम्बवूर पुलिस थाने में महिला से पूछताछ चल रही है।
खाई में गिर गई थी रोडवेज बस
केरल में हादसे बढ़ रहे हैं। छह जनवरी को केरल के इडुक्की जिले में एक रोडवेज बस खाई में गिर गई थी। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु के तंजावुर की यात्रा के बाद 34 यात्रियों को लेकर केएसआरटीसी की एक बस अलपुझा जिले के मावेलीकारा लौट रही थी। छह जनवरी को सुबह करीब छह बजे इडुक्की जिले के पुल्लूपारा के निकट बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक मृतकों के शवों को मुंडाकायम के एक निजी अस्पताल में भेज दिया गया था।
