पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर को खेला जाएगा……

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर को खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी नहीं खेल रहे हैं। वो अभी तक अपनी चोट से उबर नहीं पाए हैं।इस वजह से वो इस दौरे से बाहर गए थे। उनका इस दौरे पर ना होना, टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका लगा है। इसके बाद से ही टीम इंडिया लगातार उनके रिप्लेसमेंट की तलाश कर रही थी। ऐसा लग रहा है कि अब टीम इंडिया की ये तलाश पूरी हो गई है।इंडिया ए की टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो चार दिवसीय मैच खेल चुकी है। इंडिया ए को हालांकि दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन इसके बाद भी एक गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। इस युवा तेज गेंदबाज का नाम प्रसिद्ध कृष्णा है। इंजरी से वापस आने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा टीम इंडिया में वापसी की राह देख रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया के लिए अपना दावा ठोक दिया है।
