शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी, राहुल गांधी, नीतीश कुमार और लालू यादव समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक…….

लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन के बाद देशभर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राहुल गांधी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव समेत तमाम नेताओं उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शारदा सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, “सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।”लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “अपनी मधुर आवाज़ के लिए प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन की ख़बर बेहद दुःखद है। उनके शोकाकुल परिजनों एवं प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”
