आज भारतीय पहलवान निशा दहिया भारत के लिए पदक पक्का करने का इरादा लेकर उतरेंगी

भारतीय एथलीट पेरिस ओलंपिक में मेडल हासिल करने के लिए अपना जोर लगा रहे हैं. देश को आज बैडमिंटन में मेडल आने उम्मीद है. वहीं कुश्ती में भी मेडल पक्का हो सकता है. बैडमिंटन सिंगल्स में लक्ष्य सेन आज कांस्य पदक मुकाबले में मलेशिया के ली जी जिया के खिलाफ उतरेंगे तो वहीं सबकी नजर पहलवान निशा दहिया पर रहेगी.आज कुश्ती के 68 किलो भारवर्ग में तीन राउंड के मुकाबले खेले जाने हैं. इन सभी मुकाबलों को खेलने यह भारतीय कामयाब हुआ तो देश का एक मेडल पक्का हो जाएगा.
पेरिस ओलंपिक के 10वें दिन भारत की नजर एक बार फिर से मेडल पर रहेगी. अब तक भारत ने सिर्फ 3 मेडल ही जीते हैं. ये तीनों ही देश को निशानेबाजी में मिले हैं. मनू भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल और मिक्स्ड इवेंट में कांस्य पदक जीता. जबकि स्वप्निल कुसाले ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन कांस्य पदक अपने नाम किया. अब देश को कुश्ती में मेडल की उम्मीद है. नई सनसनी बनकर उभरी निशा दहिया आज शाम अपना मुकाबला खेलने उतरेंगी और अगर जलवा कायम रहा तो देर रात होने वाले मैच के बाद भारत को अच्छी खबर मिल सकती है.
निशा दहिया का आज कार्यक्रम
आज भारतीय पहलवान निशा दहिया भारत के लिए पदक पक्का करने का इरादा लेकर उतरेंगी. महिला रेसलिंग फ्री स्टाइल के 68 किलो भारवर्ग में शाम 6.30 बजे प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को अगर वो जीतने में कामयाब हुई तो शाम 7.50 बजे क्वार्टर फाइनल खेलने का मौका मिलेगा. यहां भी निशा ने अपना दांव सही लगाया तो रात 1.10 बजे सेमीफाइनल में उतरने का मौका हासिल करेंगी.
