मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को तलब कर शिक्षकों व छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति की रिपोर्ट ली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को तलब कर शिक्षकों व छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति की रिपोर्ट ली। वहीं अन्य चल रही योजनाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।योगी ने उम्मीद जताई कि उपस्थिति सहित डिजिटल किए गए 12 तरह के रजिस्टर पर बेहतर ढंग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को इसे लेकर जो भी समस्याएं आ रही हैं, उसका अच्छे ढंग से समाधान भी कराया जाए।

पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा एमकेएस सुंदरम और महानिदेशक, स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा के साथ हुई इस बैठक में योगी ने ऑनलाइन उपस्थिति के अलावा आउट ऑफ स्कूल बच्चों को स्कूल चलो अभियान चलाकर विद्यालय में नामांकन कराए जाने, सभी अभिभावकों को डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजने, सभी विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्य पुस्तकें, पीएम श्री स्कूलों के साथ-साथ मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालयों के लिए जमीन की व्यवस्था प्राथमिकता पर किए जाने के निर्देश दिए।

शिक्षक संघों से की जा रही वार्ता

बैठक में अधिकारियों ने उन्हें बताया कि ऑनलाइन उपस्थिति के संबंध में शिक्षक संघों से वार्ता की जा रही है और आगे भी बातचीत जारी है। जो भी समस्याएं हैं उनका समाधान कराया जा रहा है। धीरे-धीरे ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने वालों की संख्या बढ़ रही है।

उधर गुरुवार को महानिदेशक, कंचन वर्मा ने इस व्यवस्था को ढंग से लागू कराने के लिए सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों व जिला समन्वयकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।

उन्होंने निर्देश दिए कि शुक्रवार से विद्यालयों का सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक शिक्षा अधिकारियों की टीमें सघन निरीक्षण शुरू किया जाए। यह टीमें शिक्षकों को ऑनलाइन हाजिरी लगाने में आ रही समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनकी उपस्थिति भी दर्ज करवाएंगी। प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक और शिक्षक संघों के पदाधिकारियों से संपर्क कर उनसे वार्ता भी की जाएगी।

खंड शिक्षा अधिकारी ब्लाक स्तर पर प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर उन्हें सभी 12 डिजिटल रजिस्टर का किस तरह उपयोग किया जाए इसका वीडियो दिखाकर प्रशिक्षण देंगे।

शिक्षकों को आधे घंटे की मोहलत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पहले ही दी जा चुकी है। अब वे सुबह 8:30 तक ऑनलाइन हाजिरी लगा सकते हैं। उधर बाराबंकी व उन्नाव सहित कुछ जिलों में ऑनलाइन उपस्थिति न लगाने वाले शिक्षकों का वेतन काटे जाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

वहीं, शिक्षक अभी भी काली पट्टी बांधकर इसका विरोध कर रहे हैं। उत्तर प्रदेशीय पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ व उप्र बीटीसी शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक लगातार आंदोलन चला रहे हैं। वह अर्द्ध अवकाश व अर्जित अवकाश दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]