लखनऊ। इस वर्ष युवा छात्र-छात्राओं को 25 लाख स्मार्ट फोन वितरित किए जाएंगे

लखनऊ। इस वर्ष युवा छात्र-छात्राओं को 25 लाख स्मार्ट फोन वितरित किए जाएंगे। यूपीडेस्को (उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड) ने 25 लाख स्मार्ट फोन की खरीद की तैयारी शुरू कर दी है।यह फोन कॉलेजों व विश्वविद्यालयों द्वारा चयनित छात्र-छात्राओं को वितरित किए जाएंगे।
प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन व टैबलेट वितरित कर रही है।
पहले कार्यक्रमों का आयोजन करके स्मार्ट फोन व टैबलेट वितरण किया जाता था, अब इसे निरंतर चलने वाली प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है। यूपीडेस्को को स्मार्ट फोन व टैबलेट खरीद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योजना के तहत पांच वर्षों में दो करोड़ स्मार्ट फोन व टैबलेट वितरण का लक्ष्य सरकार ने रखा है। अभी तक 60 लाख 5 हजार स्मार्ट फोन व टैबलेट की खरीद की जा चुकी है।
योजना के तहत तकनीकी कोर्स करने वाले छात्र-छात्राओं को टैबलेट तथा सामान्य कोर्सों की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन दिए जाते हैं। खरीद में देश में ही निर्मित होने वाले स्मार्ट फोन व टैबलेट को ही तवज्जो दी जाती है।
इसके लिए सैमसंग व लावा सहित कई कंपनियों का चयन किया गया है। 9,972 रुपये की कीमत वाला स्मार्ट फोन व 12,606 की कीमत वाले टैबलेट की खरीद की मंजूरी सरकार ने दी है। योजना के लिए सरकार ने इस वर्ष बजट में चार हजार करोड़ रुपये का प्रविधान किया है।
कॉलेजों द्वारा योजना के लिए योग्य छात्र-छात्राओं का डाटा हर महीने की पहली से 12 तारीख तक डिजी शक्ति पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। 18 से 23 तारीख तक संबंधित विश्वविद्यालय द्वारा उसे सत्यापित किया जाता है। 26 से 28 तारीख तक विभाग सत्यापित मामलों की पड़ताल करके संबंधित जिलों के नोडल अफसरों को स्मार्ट फोन व टैबलेट भेज देता है।
