आईपीएल 2024 के पहले क्वालिफायर में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा

आईपीएल 2024 के पहले क्वालिफायर में मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे आईपीएल के फाइनल में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम को फाइनल के लिए एक और मौका मिलेगा।कोलकाता और हैदराबाद के बीच अब तक 26 मुकाबले हुए हैं, जिसमें कोलकाता की टीम 16-9 से आगे है। इस सीजन कोलकाता में हुए दोनों टीमों के बीच मुकाबले में कोलकाता ने चार रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी।
उनादकट को मिल सकता है मौका
हैदराबाद के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के लिए यह सीजन मिला-जुला रहा है और उन्होंने नौ मैचों में 10.45 की इकॉनमी से रन देते हुए आठ विकेट लिए हैं। इसी वजह से हैदराबाद के आखिरी लीग मैच में उन्हें एकादश से बाहर बैठना पड़ा था। हालांकि जिस तरह से सुनील नारायण का फॉर्म है और उनके खिलाफ उनादकट का रिकॉर्ड है, उसे देखते हुए हैदराबाद टीम प्रबंधन एक बार उनको खिलाने पर विचार कर सकता है। उनादकट ने नारायण को पांच पारियों में दो बार आउट किया है। भुवनेश्वर कुमार ने भी नारायण को दो बार आउट किया है।
रसेल के लिए होगा बड़ा मैच
आंद्रे रसेल ने इस सीजन गेंद और बल्ले दोनों से अपना फॉर्म दिखाया है। रसेल हैदराबाद के सबसे सफल गेंदबाजों टी नटराजन और भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने नटराजन के खिलाफ 165.38 और भुवनेश्वर के खिलाफ 246.51 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी की बात करें तो हैदराबाद के अभिषेक शर्मा को रसेल ही रोक सकते हैं, जिन्होंने चार पारियों में अभिषेक को दो बार आउट किया है।
मैच में हो सकती है छक्कों की बरसात
ट्रैविस हेड, हैनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, आन्द्रे रसेल और सुनील नारायण जैसे बल्लेबाजों को देखते हुए इस मुकाबले में छक्कों की बरसात की उम्मीद की जा सकती है। इस सीजन पावरप्ले, मध्य ओवरों और डेथ ओवर्स का रिकॉर्ड रखा जाए तो दोनों ही टीमें छक्के लगाने के मामले में हर चरण में शीर्ष चार टीमों में शामिल हैं। हैदराबाद के नाम इस सीजन में 160 छक्के हैं, वहीं कोलकाता ने 125 छक्के जमाए हैं। हालांकि कोलकाता को फिल सॉल्ट की कमी खल सकती है, जो उनके लिए पावरप्ले में सबसे अधिक 17 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। सॉल्ट इंग्लैंड लौट गए हैं।
