जौनपुर : जानलेवा हमले के मामले में वांछित गुलाबो किन्नर गिरफ्तार
जौनपुर : जानलेवा हमले के मामले में वांछित गुलाबो किन्नर गिरफ्तार

जौनपुर के शाहगंज पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित किन्नर गुलाबो को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को डाली किन्नर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह अपने साथियों गुरु शमा किन्नर, सीमा किन्नर और बिजली किन्नर के साथ बातचीत के लिए गुलाबो किन्नर के घर गई थी। आरोप है कि गुलाबो ने घर का दरवाजा बंद कर छत पर चढ़कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से ईंट-पत्थर फेंके, जिससे सीला किन्नर के सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस मामले में थाना शाहगंज में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वांछित आरोपी गुलाबो किन्नर निवासी डिहवा भादी, थाना शाहगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
