दुद्धी में विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर डीएम का जोर
दुद्धी में विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर डीएम का जोर

कार्यालय सोनभद्र
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को दुद्धी क्षेत्र की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं आवासीय परिसरों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने आवासीय परिसर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बाउंड्री वॉल का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्षों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को सितंबर तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, ट्रांजिट हॉस्टल एवं भाऊराव देवरस महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने छात्रावासों में स्वच्छता, सुरक्षा एवं बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने, ट्रांजिट हॉस्टल का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कर हैंडओवर कराने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
