जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से सिंगरौली पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं
जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से सिंगरौली पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. हुए बलियरी में आयोजित जन चौपाल में शामिल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने विन्ध्यनगर में किया जनसंवाद*
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा श्री गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में आज जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के मध्य सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना, उनका त्वरित एवं विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
*पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने बलियरी में सुनी आमजन की समस्याएं*
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. द्वारा कैंप थाना बैढ़न अंतर्गत सामुदायिक भवन, बलियरी में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में सहभागिता की गई। कार्यक्रम में व्यापार संघ के अध्यक्ष श्री राजाराम केसरी, पार्षद पति श्री अमित यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित नागरिकों को पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के संबंध में जागरूक करते हुए कहा कि नशा समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने आमजन से नशे के विरुद्ध पुलिस का सहयोग करने तथा नशा तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। जन चौपाल के दौरान क्षेत्रवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से पुलिस अधीक्षक महोदय को अवगत कराया। नागरिकों द्वारा सड़क पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने संबंधित संबंधित विभाग के समक्ष रखकर आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस से संबंधित प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक महोदय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब विक्रय, जुआ, सट्टा एवं अन्य किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को निसंकोच दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम में थाना प्रभारी बैढ़न निरीक्षक श्री अशोक सिंह परिहार सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने थाना विन्ध्यनगर में किया जनसंवाद
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा द्वारा थाना विन्ध्यनगर क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में सहभागिता की गई। उन्होंने उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए अन्य समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने नागरिकों को साइबर अपराधों, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, नशा तस्करी की रोकथाम तथा सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व से अवगत कराया और पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।
समस्त थाना क्षेत्रों में हुआ जन चौपाल का आयोजन
जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनकर उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई। साथ ही अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, नशा तस्करी की रोकथाम तथा सामुदायिक पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नागरिकों को जागरूक किया गया।
सिंगरौली पुलिस द्वारा आमजन को आश्वस्त किया गया कि पुलिस सदैव जनता के साथ खड़ी है तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं सुरक्षित समाज के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करती रहेगी।
