मां के साथ तालाब नहाने गए तीन सगे मासूम भाई बहनों की पानी में डूबने से मौत

हमीरपुर। मां के साथ तालाब नहाने गए तीन सगे मासूम भाई बहनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मां की चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर बच्चों को बाहर निकाला और छानी बुजुर्ग गांव स्थित सीएचएचसी ले गए।
जहां पर डाक्टर ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से स्वजन समेत पूरे गांव में शोक छाया हुआ है।घटना की सूचना मिलने पर सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय समेत पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया है।
थाना बिवांर के छानी गांव निवासी रमेश श्रीवास की पत्नी पार्वती गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे अपने 10 वर्षीय बेटे शिवेंद्र, आठ वर्षीय बेटे रुद्रांक्ष और पांच वर्षीय मांडवी के साथ गांव स्थित अमृत सरोवर में कपड़े धुलने और नहाने के लिए गई थी। जिस समय मां कपड़े धो रही थी। उसी समय दोनों बेटे और बेटी तालाब में नहाने लगे। तालाब में नहाते समय तीनों बच्चे गहरे पानी में समां
गए। बच्चों को डूबता देख मां ने शोर मचाना शुरू किया। जिस पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला और छानी बुजुर्ग सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत की खबर सुनते ही मां दहाड़े मारकर रोने लगी।
इस घटना से स्वजन समेत गांव में शोक छाया हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर सीएमओ डॉ.अलका शुक्ला समेत सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया कि छानी बुजुर्ग स्थित सीएचसी में बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया है। तीनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस घटना से मृतकों की मां रो-रोकर बेहाल हैं।
