सीबीआई ने अखिलेश यादव को भेजा समन, आज होना है पेश; जानें क्या है पूरा मामला

समाजवादी पार्टी के नेता और अध्यक्ष अखिलेश यादव को केंद्रीय अन्वेषण एजेंसी (CBI) की ओर से नोटिस दी गई है। जानकारी के मुताबिक अवैध खनन केस में अखिलेश को नोटिस भेजी गई है।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गुरुवार यानी आज पूछताछ के लिए बुलाया है। सीआरपीसी की धारा 160 के तहत जारी नोटिस में एजेंसी ने उन्हें 2019 में दर्ज मामले के संबंध में पेश होने के लिए कहा है। जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने अवैध खनन मामले में 2019 में एफआईआर दर्ज की थी और इसी मामले में सीआरपीसी 160 के तहत गवाह के तौर पर समन करके सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली सीबीआई मुख्यालय बुलाया है। ये समन 21 फरवरी को जारी किया गया था और उन्हें 29 फरवरी को आने के लिए कहा गया था।
सीबीआई और ईडी हर चुनाव से पूर्व हो जाती है सक्रिय- आईपी सिंह
समन में कहा गया है कि अवैध खनन मामले से जुड़े कुछ सवालों के जवाब देने के लिए अखिलेश यादव को सीबीआई के समक्ष उपस्थित होना होगा। 2012 से 2016 के बीच अखिलेश यादव जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब का ये अवैध खनन का मामला है। बता दें इस मामले में सीबीआई ने उन अधिकारियों से भी पूछताछ की थी, जिन्होंने बताया था कि अखिलेश यादव माइनिंग पोर्टफोलियो होल्ड कर रहे थे और उन्होंने 14 लाइसेंस इश्यू किए थे। इनमें से 13 लाइसेंस एक ही दिन को जारी किए गए थे। बता दें कि हाईकोर्ट ने 28 जुलाई 2016 को आदेश दिया था जिसके बाद सीबीआई ने मामले में केस दर्ज किया था जिसमें डीएम हमीरपुर, माइनिंग ऑफिसर, लीज होल्डर और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं इस मामले पर सपा नेता आईपी सिंह ने प्रतिक्रिया भी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि सीबीआई और ईडी हर चुनाव से पूर्व सक्रिय हो जाती है और बीजेपी के इशारों पर समन भेजती है हम डरने वालों में नहीं हैं।
