कलेक्टर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक आयोजित

कलेक्टर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक आयोजित

जिला मुख्यालय में 10 अतिरिक्त बेड के साथ साथ सभी एनआरसी केन्द्रो में 5 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था कराने का कलेक्टर ने दिए निर्देश

कुल लंबित टीकाकरण का 90 प्रतिशत लक्ष्य अगस्त माह में करे पूर्ण करेः-कलेक्टर

सिंगरौली, 5 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) में 10 अतिरिक्त बेड तथा जिले के अन्य सभी एनआरसी केन्द्रों में 5-5 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगस्त माह के दौरान जिले में लंबित टीकाकरण का कम से कम 90 प्रतिशत लक्ष्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार सभी टीकाकरण सत्रों का शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर टीकाकरण से वंचित बच्चों का चिन्हांकन एवं टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही डीसीएम द्वारा नियमित समीक्षा करने तथा डीपीओ एवं सीडीपीओ को स्वयं टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण करने और सुपरवाइजरों के माध्यम से टीकाकरण से छूटे बच्चों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगस्त माह के अंत तक कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी प्रसव केन्द्र सुचारु रूप से संचालित रहें। जहां स्टाफ की कमी हो, वहां आवश्यक प्रशिक्षण देकर एएनएम की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन, निर्धारित समय पर स्वास्थ्य परीक्षण तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर 15 अगस्त से पूर्व उनका समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुमन हेल्प डेस्क के माध्यम से गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क बनाए रखने तथा सभी प्रसव संस्थागत रूप से कराने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अगस्त माह के दौरान मातृ एवं शिशु मृत्यु की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में कुपोषण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाए। यदि कोई पात्र बच्चा भर्ती से वंचित पाया जाता है तो संबंधित परियोजना अधिकारी, सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने वर्षा ऋतु में डायरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को पूरी सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आरबीएसके टीमों को अभियान से जोड़ने तथा एम्बुलेंस एवं शव वाहनों की उपलब्धता एवं संचालन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मलेरिया, डेंगू एवं अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा किसी भी क्षेत्र में रोग प्रकोप की सूचना मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य दल सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सर्पदंश उपचार हेतु आवश्यक दवाओं की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों का नियमित संचालन, बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए शिविरों से पूर्व क्षेत्र भ्रमण कर पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य प्रतिष्ठानों, फल विक्रेताओं एवं होटलों में अभियान चलाकर खाद्य सामग्री के नमूने लेने तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]