पश्चिम बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले मोदी सरकार बंगाल को एक बड़ी सौगात दे सकती है

पश्चिम बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले मोदी सरकार बंगाल को एक बड़ी सौगात दे सकती है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि नए साल में हावड़ा से नई दिल्ली के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर कोच पैसेंजर ट्रेन शुरू की जा सकती है।
ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस के मुकाबले करीब ढाई घंटे से कम समय में दिल्ली पहुंचाएगी। बताया जा रहा है कि चुनावों को देखते हुए केंद्र सरकार जल्द ही घोषणा कर सकती है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रेलवे की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। राजधानी एक्सप्रेस से हावड़ा से दिल्ली पहुंचने में लगभग 17 घंटे 15 मिनट लगते हैं। प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इस दूरी को कम समय में तय कर सकती है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि बंगाल चुनाव को देखते हुए सरकार जल्द यह बड़ा ऐलान कर सकती है।
कोलकाता से दिल्ली पहुंचना होगा आसान
इस नई हाई-स्पीड ट्रेन के शुरू होने से कोलकाता, आसनसोल और आसपास के इलाकों के यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों की दूरंतो और राजधानी ट्रेनों पर निर्भरता कम होगी। बताया जा रहा है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पूर्वी रेलवे के हावड़ा स्टेशन से चलेगी। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने हाल ही में हावड़ा-झिलपार रेल साइडिंग का निरीक्षण किया है।
Vande Bharat Sleeper Train: 16 कोच, 160 की धुआंधार रफ्तार
– वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 आधुनिक कोच होंगे। यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से दौड़ेगी।
– वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए कोच का निर्माण इंटिग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में किया जा रहा है। इसी कोच फैक्ट्री ने वंदे भारत सीरीज की अन्य ट्रेनों के कोच भी बनाए हैं।
– हावड़ा से दिल्ली के बीच यह ट्रेन कुल 6 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। हावड़ा, आसनसोल, धनबाद, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर प्रस्तावित स्टॉपेज शामिल हैं।
Vande Bharat ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेगी ट्रेन
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, रेलवे की योजना है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। सिर्फ रविवार के दिन यह ट्रेन नहीं चलेगी और उस दिन मेंटेनेंस के लिए बंद रहेगी। आसनसोल के मेयर विधान उपाध्याय और विधायक तापस बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार चुनावी मौसम देखकर यह परियोजना शुरू कर रही है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी कई बार कह चुके हैं कि कोलकाता पूर्वी भारत का बड़ा व्यापारिक और प्रशासनिक केंद्र रहा है। बीजेपी इसे फिर से वही प्रतिष्ठा दिलाने के लिए विकास की रफ्तार से जोड़ेगी।
Bengal Chunav 2026 से पहले केंद्र सरकार की बड़ी सौगात
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। केंद्र सरकार की ओर से आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी परियोजनाओं का ऐलान बंगाल के लिए किया जा सकता है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी इस लिहाज से एक बड़ा ऐलान है। कोलकाता से दिल्ली के लिए फ्लाइट का किराया अमूमन 7 से 10 हजार तक होता है, जबकि राजधानी से आने में लगभग 18 घंटे लग सकते हैं। ऐसे में अगर वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत होती है, तो लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
