तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी, कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 1 बजे के आसपास हुआ. स्विफ्ट कार (नंबर एचआर-19के-8004) चरखीदादरी की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि चारों युवक कार से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे.जैसे ही वे बुटराडा फ्लाईओवर के पास पहुंचे, कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े कैंटर के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के लोग मौके पर दौड़ पड़े.

कार को काटकर निकाले गए शव

टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चारों युवक कार के अंदर ही फंस गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकाला. इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.

मौके पर पहुंचे एएसपी और थाना पुलिस

सूचना मिलते ही एएसपी संतोष कुमार सिंह और बाबरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल कैंटर चालक फरार बताया जा रहा है.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]