प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरा और नवादा में चुनावी रैलियां कीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आरा और नवादा में चुनावी रैलियां कीं. पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
सड़कों पर हजारों की भीड़ उमड़ी और जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई. रोड शो में बीजेपी और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हुए. दिनकर गोलंबर से शुरू हुए इस रोड शो में दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रविशंकर प्रसाद, जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह, नितिन नवीन, संजय मयुख, ऋतुराज सिन्हा और रामकृपाल यादव जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहे. मोदी के काफिले पर फूल बरसाने और भारत माता के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा.
- इससे पहले, चुनावी रैलियों में पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और खुद को छोटे किसानों का सच्चा हितैषी बताया. मोदी ने कहा, ‘बीते 11 सालों में हमारी सरकार ने छोटे किसानों को कृषि नीति के केंद्र में लाया है. आज़ादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है. पहले छोटे किसानों के लिए बैंक के दरवाज़े तक बंद रहते थे, लेकिन मोदी ने उनके खाते खुलवाए. आज उन्हीं खातों में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा सीधे जा रहा है.’ उन्होंने बताया कि बिहार के किसानों को अब तक करीब 30,000 करोड़ रुपये मिल चुके हैं, जिसमें से सिर्फ नवादा जिले के 2 लाख किसानों के खाते में 650 करोड़ रुपये जमा हुए हैं. पीएम ने कहा, ‘ये सारा पैसा बिना किसी कमीशन या दलाली के सीधे किसानों तक पहुंचा है.’
- कांग्रेस और आरजेडी पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, ‘अगर यही जंगलराज वाले होते तो आपका पैसा लूटकर अपनी तिजोरी भर लेते. कांग्रेस के अपने प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली से 1 रुपया निकलता है तो गांव पहुंचते-पहुंचते 15 पैसा रह जाता है.’ पीएम ने कहा, ‘बिहार की इस मिट्टी ने आर्यभट्ट जैसे गणितज्ञ दिए हैं. बिहार वालों का गणित और सामान्य ज्ञान दोनों मजबूत हैं. चारा घोटाले वाले सोचते हैं कि वो बिहारियों को चरा लेंगे, लेकिन जनता सब जानती है.’
कांग्रेस और आरजेडी को ‘दो भ्रष्ट परिवारों की पार्टियां’ बताते हुए मोदी बोले, ‘एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार और दूसरा देश का. अब दोनों में ही घमासान मचा है. जंगलराज के युवराज को लगता है कि कांग्रेस के युवराज की यात्रा ने उन्हें पैदल कर दिया है.’
उन्होंने कहा, ‘जंगलराज की पहचान रही है – कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार. इन्हीं ने बिहार की गौरवशाली धरती को नरसंहार और समाजिक बंटवारे के दाग दिए.’ छठ पूजा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार सूर्य देव की ऊर्जा से बिजली बना रही है. लेकिन आरजेडी और कांग्रेस वाले छठी मैया की पूजा को ड्रामा बताते हैं. इन लोगों को सूर्य देव की शक्ति का अंदाज़ा नहीं है. नवादा में ही बिहार का सबसे बड़ा तैरता हुआ सोलर पावर प्लांट बन चुका है.’
