दिल्ली में छठ पर रहेगी छुट्टी? LG सचिवालय में बैठक के बाद CM रेखा गुप्ता ने साफ की तस्वीर

दिल्ली के एलजी सचिवालय में छठ पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक हुई. बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि छठ पूजा की तैयारियों को लेकर आज हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से उनकी बात हुई है.
उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में छठ पर्व के आयोजन में दोनों राज्यों का पूरा सहयोग मिलेगा.
हर स्तर पर तैयारी- सीएम रेखा गुप्ता
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी में छठ पर्व को भव्य और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी कर रही है. घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर खास ध्यान दिया जा रहा है. छठ पर छुट्टी की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की बैठक में इस विषय पर चर्चा नहीं हुई. हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार आगे इस पर विचार कर सकती है.
इसके आगे उन्होंने कहा कि छठ दिल्ली की संस्कृति और सामाजिक एकता का बड़ा प्रतीक है और सरकार चाहती है कि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा कर सकें.
पिछली सरकार के पाप को समाप्त किया- कपिल मिश्रा
उधर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार स्थित यमुना घाट का संयुक्त निरीक्षण किया. दोनों नेताओं ने छठ घाट पर सफाई अभियान में भाग लिया. कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने षड्यंत्र करते हुए जानबूझकर छठ पूजा पर रोक लगाकर रखी थी. उन्होंने कहा कि हमने पिछली सरकार के पाप को समाप्त किया.
दिल्ली में सरकार बदलने के साथ ही बदलाव आना शुरू- मनोज तिवारी
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यमुना नदी के अलावा लगभग 1300 घाटों पर छठ पूजा होगी. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपने चुनावी संकल्प पत्र में भव्य छठ पूजा कराये जाने के वादे को पहले ही साल में पूरा करने जा रही है. वहीं बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में सरकार बदलने के साथ ही बदलाव आना शुरू हो गया है. अब श्रद्धा के द्वार फिर से जनता के लिए खुल गए हैं.
