गाजियाबाद: एक बहुमंजिला इमारत से गिरकर 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत

गा जियाबाद जिले के इंदिरापुरम के साया गोल्ड एवेन्यू सोसाइटी स्थित एक बहुमंजिला इमारत से गिरकर 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालने समेत छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक हम जांच कर रहे हैं कि ये साजिश थी या फिर सच में कोई दुर्घटना हुई है।
इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान सत्यम त्रिपाठी के रूप में हुई है। त्रिपाठी की इमारत की 31वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। वह अपने दोस्त कार्तिक सिंह और एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ एक फ्लैट देखने के लिए अपार्टमेंट गया था। रविवार रात हुई इस घटना से पहले तीनों कथित तौर पर लगभग 50 मिनट तक वहां रुके थे।
बताया गया है कि सत्यम यहां 50 मिनट तक रहे। इसके बाद वह 31वीं मंजिल पर गए और संदिग्ध हालात में नीचे गिर गए। सिर में चोट आने से उनकी मौत हो गई। आनन-फानन में उनके गिरने की खबर पुलिस को दी गई। एसीपी श्रीवास्तव ने बताया कि रात करीब नौ बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और त्रिपाठी को पास के एक अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह एक दुर्घटना थी या किसी साजिश का नतीजा। बहरहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है। सोसाइटी और बिल्डिंग में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है क्या उन्होंने कोई संदिग्ध गतिविधि को देखा था?
