युवक की पीटने के बाद छत से फेंककर हत्या के मामले में एडीजे-6 नवल किशोर सिंह की अदालत ने एक ही परिवार के आठ दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
अलीगढ़ । दो वर्ष पहले विजयगढ़ क्षेत्र के गांव नगला पृथ्वी में होली के दिन रंजिश में युवक की पीटने के बाद छत से फेंककर हत्या के मामले में एडीजे-6 नवल किशोर सिंह की अदालत ने एक ही परिवार के आठ दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इनमें चार सगे भाई, पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

सभी पर 22-22 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की 50 प्रतिशत राशि पीड़ित को देने के आदेश दिए हैं। यह घटना आठ मार्च 2023 की है। गांव के ध्यानपाल सिंह ने मुकदमा कराया था। कहा था, दो लोगों में होली पर मारपीट हुई थी। जिसकी शिकायत दोनों पक्ष थाने करके आए थे। जब उनका बेटा मुकेश आरोपितों के घर के सामने से निकल रहा था, तभी रंजिश में मुकेश को लाठी डंडों से पीटा। खींचकर छत पर ले गए। वहां नीचे फेंक दिया, जिससे उसके सिर, बाजू में गंभीर चोट आ गई। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही सगे भाई कोमल सिंह, ठाकुरदास, राजाराम व अमर सिंह और राजाराम के दो बेटे बाबी उर्फ रोहन व संतोष, अमर सिंह के बेटे हरपाल उर्फ ब्रह्मदेव व कोमल सिंह के बेटे अजय कुमार के अलावा रिश्तेदार हाथरस हसायन के गांव नगला शेखा के वीरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। साक्ष्यों व गवाही के आधार पर वीरेंद्र की पत्रावली अलग कर दी गई।
