भारत के हवाई हमले में पाकिस्तान के चार एयरबेस और दो रडार ठिकाने नष्ट…..

पाकिस्तान ने आज तड़के भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया ।इस कार्रवाई से उधमपुर, भुज, पठानकोट, बठिंडा में वायु सेना के ठिकानों पर उपकरणों और कर्मियों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान की लगातार उकसाने वाली कार्रवाई और हवाई संघर्ष के जवाब में भारत ने सीमा पार के चार एयरबेस और दो रडार ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इसके बावजूद भारत ने दोहराया है कि भारत तनाव वृद्धि नहीं चाहता, बशर्ते पाकिस्तान भी ऐसा ही करे।भारत और पाकिस्तान के बीच आधी रात से हवाई संघर्ष तेज हो गया है। पाकिस्तान के हवाई लक्ष्यों को लगातार भारतीय डिफेंस और रडार सिस्टम के जरिये नाकाम किया जा रहा है। भारत की ओर से की जा रही जवाबी कार्रवाई के बारे में अधिकृत जानकारी देने के लिए आज सेना और विदेश मंत्रालय की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान की सेना पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले कर रही है। उसने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया है।
