बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में एक पुलिस कांस्टेबल की उसके सहकर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में एक पुलिस कांस्टेबल की उसके सहकर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान कैमूर जिले के निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है और आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के सर्वजीत कुमार के रूप में हुई है।
दोनों पश्चिमी चंपारण के जिला मुख्यालय बेतिया में पुलिस लाइन में तैनात थे।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (चंपारण रेंज) हर किशोर राय ने पत्रकारों से कहा, ”यह घटना शनिवार रात पुलिस लाइन में हुई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि किसी मामूली मुद्दे पर उनके बीच तीखी बहस होने के बाद यह घटना हुई। सोनू कुमार को सर्वजीत ने अपनी सरकारी रिवोल्वर से गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच चल रही है।”
अधिकारियों का कहना है कि सोनू कुमार की हत्या करने के बाद आरोपी अपनी सरकारी बंदूक लेकर इमारत की छत पर चढ़ गया। हालांकि, उसे तुरंत दूसरे सिपाहियों ने पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार सोनू और सर्वजीत एक साथ काम करते थे और हाल ही में दोनों का सिकटा थाने से पुलिस लाइन में तबादला हुआ था।
