19 अप्रैल से कटरा से कश्मीर के लिए दौड़ेगी पहली ट्रेन, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंड़ी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 अप्रैल को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित अन्य की मौजूदगी में श्री माता वैष्णो देवी जी मंदिर के आधार शिविर कटरा से घाटी के लिए पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
बता दें, वर्तमान में यह ट्रेन संगलदान से बारामुल्ला तक चलती है। प्रधानमंत्री का 19 अप्रैल की सुबह नई दिल्ली से उधमपुर आर्मी एयरपोर्ट पर उतरने का कार्यक्रम है और फिर वे रियासी जिले में चेनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के लिए उड़ान भरेंगे। प्रधानमंत्री मोदी को पुल के निर्माण के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिसे इंजीनियरिंग का चमत्कार माना जा रहा है। इसके बाद प्रधानमंत्री माता वैष्णो देवी आधार शिविर कटरा पहुंचेंगे, जहां से वे घाटी के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर में दिल्ली लौटने से पहले कटरा में एक सार्वजनिक रैली को भी संबोधित करेंगे।
जुलाई-अगस्त यात्रियों के लिए शुरू होगा परिचालन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफार्म की संख्या बढ़ाने सहित जम्मू रेलवे स्टेशन पर विस्तार कार्य पूरा होने के बाद, इस वर्ष जुलाई-अगस्त तक जम्मू से घाटी के लिए ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली या किसी अन्य हिस्से से कश्मीर के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं होगी। यात्रियों को कटरा में उतरना होगा और ट्रेन बदलनी होगी। बाद में यही प्रक्रिया जम्मू में भी अपनाई जाएगी। वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कटरा से बारामूला तक ट्रेन के कई परीक्षण सफल रहे हैं और सुरक्षा संबंधी मुद्दों का भी समाधान कर लिया गया है।
