पार्लियामेंट की नई बिल्डिंग बनाने में सहयोग करेगा भारत…, जानिए PM मोदी ने मॉरीशस में क्या-क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की ओर से मैं मॉरीशस के सभी नागरिकों को राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. ये मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि मुझे दोबारा मॉरीशस के National Day पर आने का अवसर मिल रहा है.भारत और मॉरीशस सिर्फ हिंद महासागर से ही नहीं बल्कि साझा सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों से भी जुड़े हैं. हम आर्थिक और सामाजिक प्रगति के पथ पर एक-दूसरे के साझेदार हैं.
पीएम मोदी ने कहा, प्राकृतिक आपदा हो या कोविड की विपदा, हमने हमेशा एक दूसरे का साथ दिया है. रक्षा हो या शिक्षा, स्वास्थ्य हो या स्पेस, हम हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं. पिछले 10 वर्षों में हमने अपने संबंधों में कई नए आयाम जोड़े हैं. विकास सहयोग और क्षमता निर्माण में नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं.
‘ये मॉरीशस को हमारी भेंट होगी’
पीएम मोदी ने आगे कहा, आज प्रधानमंत्री (मॉरीशस) नवीन चंद्र रामगुलाम और मैंने भारत-मॉरीशस साझेदारी को ‘Enhanced Strategic Partnership’ का दर्जा देने का निर्णय लिया है. हमने निर्णय लिया कि मॉरीशस में Parliament की नई बिल्डिंग बनाने में भारत सहयोग करेगा. यह Mother of Democracy की ओर से मॉरीशस को भेंट होगी.
‘500 सिविल सर्वेंट्स को ट्रेनिंग देंगे’
उन्होंने कहा, कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में 500 मिलियन मॉरीशियन रुपये के नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे. अगले पांच वर्षों में भारत में मॉरीशस के 500 सिविल सर्वेंट्स को ट्रेनिंग दी जाएगी. हमारे बीच लोकल करेंसी में आपसी व्यापार का सेटलमेंट करने पर भी सहमति बनी है. हमने माना कि समुद्री सुरक्षा हमारे रणनीतिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है. एक स्वतंत्र, खुला, सुरक्षित और सुरक्षित हिंद महासागर हमारी साझा प्राथमिकता है.
