प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (25 अगस्त) को आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह उनके रेडियो ब्रॉडकास्ट का 113वां एपिसोड है, जिसे 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो, टीवी चैनल समेत सभी डिजिटल प्रसार माध्यमों पर एक साथ ब्रॉडकास्ट किया जाएगा।
पीएम मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का 112वां संस्करण 28 जुलाई 2024 को प्रसारित हुआ था। इसमें उन्होंने पेरिस ओलिंपिक, मैथ्स ओलंपियाड, असम मोइदम, टाइगर डे, वनों के संरक्षण और स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर देशवासियों के साथ चर्चा की।
इस कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क पर किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज़ऑनएयर मोबाइल ऐप पर भी सुना जा सकेगा। इसके अलावा, इसे आकाशवाणी समाचार, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी इसे क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारित करेगा।
30 अप्रैल 2023 को मन की बात के 100 एपिसोड पूरे
- उल्लेखनीय है कि “मन की बात” का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था, जो शुरुआत में 14 मिनट का था। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया। 30 अप्रैल 2023 को इस कार्यक्रम का 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया था, जो इस कार्यक्रम की लोकप्रियता को दर्शाता है।
- “मन की बात” का प्रसारण 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है, जिनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, अरबी आदि शामिल हैं। आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्र इस कार्यक्रम का प्रसारण करते हैं, जिससे यह देश और विदेश दोनों में लाखों लोगों तक पहुंचता है।
