इंदौर में लगातार भारी बारिश के चलते स्कूलों की हुई छुट्टी

राजधानी इंदौर में लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जहां लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। शुक्रवार के सुबह से शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक जारी रही, जहां तेज बारिश को देखते हुए इंदौर में शनिवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर ज़िले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए शनिवार 24 अगस्त को इंदौर ज़िले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों और शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में (कक्षा 12वीं तक) अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से वर्षा को देखते हुए सतर्कता का आह्वान किया है।
मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ी है, जहां मानसून की एक्टिविटी के चलते मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। इंदौर, भोपाल समेत अलग-अलग जिलों में झमाझम बारिश का सिलसिला देखने मिला, तो वहीं अब आने वाले दिनों में मौसम वैज्ञानिक प्रदेश के कुछ और जिलों में झमाझम बारिश की संभावना जता रहे हैं।
