सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X ने ब्राजील में अपने ऑपरेशन को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान किया
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X ने ब्राजील में

अपने ऑपरेशन को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान किया है. हालांकि, X का दफ्तर बंद होगा, लोगों के लिए X की सेवाएं जारी रहेंगी. ब्राजील की जनता X को ऑपरेट कर सकेगी.दरअसल, ब्राजील के न्यायाधीश एलेक्जेंडर डी मोरेस ने X को ‘सेंसरशिप आदेश’ दिए हैं. एलन मस्क की माइक्रोब्लॉगिंग साइट X का दावा है कि हमारा ये फैसला एलेक्जेंडर डी मोरेस द्वारा कथित तौर पर ब्राजील में कंपनी के कानूनी प्रतिनिधि को सेंसरशिप आदेशों का पालन न करने पर गिरफ्तारी की धमकी देने के बाद आया है. इसलिए हम ब्राजील में अपना काम-काज समेट रहे हैं.
X ने एक बयान में कहा, कल रात एलेक्जेंडर डी मोरेस ने ब्राजील में हमारे कानूनी प्रतिनिधि को धमकी दी कि अगर हम उनके सेंसरशिप आदेशों का पालन नहीं करते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने एक गुप्त आदेश में ऐसा किया, जिसे हम उनके कार्यों को उजागर करने के लिए यहां शेयर कर रहे हैं.
X ने कहा, सुप्रीम कोर्ट में हमारी कई अपीलों पर सुनवाई नहीं हुई, इसके अलावा ब्राजील की जनता को इन आदेशों के बारे में सूचित नहीं किया गया. ब्राजील के कर्मचारियों के पास इस बात की कोई जिम्मेदारी या नियंत्रण नहीं होने के बावजूद कि हमारे प्लैटफॉर्म पर सामग्री को ब्लॉक किया जाए या नहीं, मोरेस ने कानून या उचित प्रक्रिया का सम्मान करने के बजाय ब्राजील में हमारे कर्मचारियों को धमकाने का विकल्प चुना है.
इसलिए अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए, हमने ब्राजील में अपने संचालन को तुरंत प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है.
ब्राजील के लोगों के लिए X उपलब्ध
बयान में कहा गया, X की सेवा ब्राजील के लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी. हमें गहरा दुख है कि हमें यह निर्णय लेने के लिए मजबूर किया गया है. जिम्मेदारी पूरी तरह से एलेक्जेंडर डी मोरेस की है. उनके कार्य लोकतांत्रिक सरकार के साथ असंगत हैं. ब्राजील के लोगों के पास एक विकल्प है, लोकतंत्र, या एलेक्जेंडर डी मोरेस.
