अरविंद केजरीवाल की पत्नी ने आरोप लगाया कि पति ‘गहरी राजनीतिक साजिश’ का शिकार

शराब घोटाला मामले में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं, वर्तमान में केंद्रीय जांच एजेंसियां सीबीआई और ईडी भ्रष्टाचार मामले में जांच कर रही हैं.इस बीच सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर आरोप लगाया कि उनके पति ‘गहरी राजनीतिक साजिश’ का शिकार हैं, और उन्हें ईडी ने ‘गवाह के झूठे बयान’ पर गिरफ्तार किया है. सुनीता केजरीवाल ने वीडियो में कहा, ‘केजरीवाल को एनडीए सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी के एक बयान के आधार पर गिरफ्तार किया गया था. 17 दिसंबर, 2022 को ईडी ने एमएसआर के आवास पर छापेमारी की और उनसे पूछा गया कि क्या वह कभी केजरीवाल से मिले थे. उन्होंने कहा कि हां, मैं दिल्ली में जमीन खरीदने के लिए उनसे मिला था. ईडी उनके इस बयान से खुश नहीं थी. ईडी ने उनके बेटे को भी गिरफ्तार किया.’

लोगों से दिल्ली के सीएम का सपोर्ट करने की अपील

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सुनीता केजरीवाल ने लोगों से दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक ईमानदार, शिक्षित और देशभक्त व्यक्ति हैं और अगर जनता उनका समर्थन नहीं करती है, तो ‘आप’ नेता के साथ किए गए व्यवहार को देखते हुए कोई भी शिक्षित व्यक्ति राजनीति में नहीं आना चाहेगा. उन्होंने दावा किया कि मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी ने अपने बेटे राघव मगुंटा रेड्डी की गिरफ्तारी और उन्हें जमानत न मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ अपनी मुलाकात के बारे में ईडी को दिया अपना बयान बदल दिया.

सुनीता केजरीवाल ने किया बड़ा दावा

सुनीता केजरीवाल के अनुसार, श्रीनिवासुलु रेड्डी ने पहले कहा था कि उन्होंने दिल्ली में एक धर्मार्थ ट्रस्ट खोलने के लिए जमीन के संबंध में 16 मार्च, 2021 को दिल्ली के मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी, लेकिन अपने बेटे की गिरफ्तारी के बाद 17 जुलाई, 2023 को उन्होंने बयान बदल दिया. उन्होंने पूछा, ‘ईडी को दिए बयान में श्रीनिवासुलु रेड्डी ने कहा कि केजरीवाल ने लगभग 10 लोगों की मौजूदगी में उनसे दिल्ली में शराब कारोबार में उतरने और आप को 100 करोड़ रुपये देने के लिए कहा. क्या कोई इतने लोगों के सामने पैसे मांगेगा.’ सुनीता केजरीवाल ने यह दावा भी किया कि श्रीनिवासुलु रेड्डी के बयान बदलते ही उनके बेटे को जमानत दे दी गई.

AAP को खत्म करना चाहते हैं पीएम मोदी

उन्होंने कहा, ‘यह स्पष्ट है कि उनका बयान झूठा है.’ दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी ने लोगों से अपना यह वीडियो साझा करने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहते हैं. ईडी या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. केजरीवाल को उनकी सरकार की आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं से संबंधित धनशोधन मामले में 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था. सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]