दिल्ली वासी को गर्मी से मिले राहत

दिल्ली में लगातार गर्मी की मार झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए शनिवार का दिन थोड़ी राहत लेकर आया। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शनिवार को तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली।जून माह में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिन दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते गर्मी से राहत बनी रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में जून माह के बीते 21 दिनों में एक भी दिन तापमान 40 डिग्री से कम नहीं रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश के बावजूद दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया था, लेकिन शनिवार को सुबह से ही दिल्ली में गर्मी से राहत देखने को मिली। इसके चलते अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से महज एक डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।

14 साल में पहली बार 40 पार का रिकॉर्ड : मौसम विभाग के अनुसार बीते 14 वर्षों में पहली बार दिल्ली में अधिकतम तापमान लगातार 40 दिनों तक 40 डिग्री से ज्यादा रहा है। इस दौरान 12 दिन तापमान 44 से 45 डिग्री के पास दर्ज किया गया।

अगले सप्ताह राहत की उम्मीद : मौसम विभाग का मानना है कि अगले सप्ताह के अंत तक मॉनसून दिल्ली पहुंच जाएगा। शुक्रवार को प्री-मॉनसून की बारिश हो चुकी है। इससे मिली राहत अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। आगामी सप्ताह के अंत तक बारिश शुरू होने से एक बार फिर गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]