Kuwait fire Incident: हादसे में मृत लोगों की नहीं हो पा रही शिनाख्त, भारतीयों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट

कुवैत के मंगाफ शहर में हुई घटना की निगरानी और भारतीय श्रमिकों के शव को भारत वापस लाने के लिए विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह कुवैत के लिए रवाना हो गए हैं।दिल्ली एयरपोर्ट से कुवैत के लिए रवाना होने से पहले विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा, “हमने कल शाम प्रधानमंत्री के साथ बैठक की थी। जैसे ही हम वहां पहुंचेंगे, स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। स्थिति यह है कि ज्यादातर पीड़ित जलने के शिकार हैं और कुछ शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है।पीड़ितों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जा रहा है। वायुसेना का एक विमान तैयार है। जैसे ही शवों की पहचान हो जाएगी, परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा और हमारा वायुसेना का विमान शवों को वापस ले आएगा। कल रात हमारे पास जो नवीनतम आंकड़े आए, उसके अनुसार हताहतों की संख्या 48-49 है, इनमें से 42 या 43 भारतीय बताए जा रहे हैं।”
यह है मामला
गौरतलब है कि कुवैत के मंगाफ शहर में श्रमिकों के आवास वाली एक इमारत में बुधवार को आग लग गई। इस हादसे में करीब 49 लोगों की मौत हो गई। पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर घटना पर संवेदना जताते हुए मृतक भारतीयों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
