वाराणसी में 28 मई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभा करेंगे

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण को लेकर राजनीतिक पार्टियां ताबड़तोड़ रैलियां कर रही हैं. इसी क्रम में वाराणसी में 28 मई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभा है.काशी में राहुल-अखिलेश 28 मई को इंडिया गठबंधन के वाराणसी लोकसभा सीट के प्रत्याशी अजय राय के समर्थन वोट की अपील करने के लिए जनसभा में आएंगे.
राहुल गांधी और अखिलेश यादव का संयुक्त जनसभा मोहन सराय में शाम 4:00 बजे होगी. कांग्रेस की तरफ से इसे परिवर्तन रैली का नाम दिया गया है. लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान अखिलेश-राहुल एक साथ कई मौकों पर साथ नजर आए हैं. यूपी में सपा गठबंधन के ऐलान के बाद अखिलेश-राहुल पहली बार ताजनगरी आगरा में नजर आए थे. इसके बाद वह कन्नौज, कानपुर की रैली में एक साथ नजर आए थे.
हाल ही में प्रयागराज के फूलपुर में राहुल गांधी और अखिलेश की जनसभा में काफी भीड़ आई थी और इस दौरान भगदड़ मच गई थी. वहीं अब काशी में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जनसभा को लेकर सपा-कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है. सपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता इस रैली को विशाल बनाने के लिए पूरी तरह से जुट चुके हैं.
