लालू यादव की पार्टी RJD को लगा बड़ा झटका राजद नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद अशफाक करीम ने आरजेडी से दिया इस्तीफा

बिहार की राजनीति से बड़ी खबर है और लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा झटका लगा है. राजद नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद अशफाक करीम ने आरजेडी से इस्तीफा दे दिया है.अशफाक करीम ने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को पत्र लिखकर प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया. इसके साथ ही अशफाक करीम ने पत्र के जरिये अपनी नाराजगी जताई और लालू यादव एवं राजद पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं.अशफाक करीम ने पत्र में लालू यादव पर मुसलमानों की हकमारी करने का आरोप लगाया और मुसलमानों को आबादी के अनुरूप हिस्सेदारी नहीं देने की बात उठाई. उन्होंने अपने पत्र में लिखा मुसलमानों को उचित भागीदारी तो दूर सम्मानजनक हिस्सेदारी भी नहीं दी जा रही है, ऐसी परिस्थिति में आरजेडी के साथ काम करना असंभव है. उन्होंने अपने पत्र में लालू यादव को संबोधित करते हुए लिखा, आप जातीय गणना कराने और उचित हिस्सेदारी की सिर्फ बात करते थे.
अशफाक करीम ने अपने पत्र में लिखा,
मैं आपकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं. मैं आपकी पार्टी से सामाजिक न्याय को ताक़त प्रदान करने के लिए जुड़ा था. आप जातीय जनगणना कराने का दावा करते थे, जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी का नारा देते थे. लेकिन, आपने मुसलमानों की हकमारी की है. उनकी आबादी के अनुरूप तो दूर सम्मानजनक हिस्सेदारी भी नहीं दी, इसलिए इस परिस्थिति में राजद के साथ राजनीति करना मेरे लिए असंभव है. अतः मेरे इस त्यागपत्र को स्वीकार करें. मैं हमेशा आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.
बता दें कि अशफाक करीम ने इससे पहले पूर्णिया से पप्पू यादव के खिलाफ राजद का उम्मीदवार उतारने पर भी लालू यादव को जमकर सुनाया था. अशफाक करमी ने सीमांचल के कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में राजद के कमजोर होने का दावा किया और मुसलमानों की नुमाइंदगी कम होने पर चिंता भी जताई थी. इसके बाद अशफाक करीम ने अब अपना इस्तीफा भी भेजकर राजद को बड़ा झटका दिया है.
