नवरात्रि की शुरुआत आज 9 अप्रैल से शुरू हो चुकी

हिंदू कैलेंडर वर्ष यानी नवरात्रि की शुरुआत आज 9 अप्रैल से शुरू हो चुकी है. आज से 9 दिनों तक माता रानी के अलग-अलग रूपों का पूजन किया जाएगा. देवी के 9 रूपों का पूजन करने के साथ हर दिन अलग रंग के कपड़े पहनकर पूजा-पाठ करने से जातकों का सौभाग्‍य और चमकेगा.हम आपको बता रहे हैं कि किस देवी को कौन सा रंग पसंद है, जो उनकी पूजा के समय पहनना चाहिए.

सफेद कपड़ों में शैलपुत्री की पूजा
शास्‍त्र के अनुसार, नवरात्रि की शुरुआत मां शैलपुत्री की पूजा के साथ होती है. जैसा कि नाम से ही जाहिर है पर्वतराज हिमालय के घर पैदा होने की वजह से इनका नाम शैलपुत्री पड़ा है. माता को सफेद और नारंगी रंग सबसे ज्‍यादा प्रिय है. लिहाजा मां शैलपुत्री की पूजा सफेद कपड़े पहनकर करनी चाहिए.

ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा
माता के दूसरे स्‍वरूप मां ब्रह्मचारिणी को भी सफेद रंग बहुत पसंद है. लिहाजा नवरात्रि के दूसरे दिन भी सफेद रंग के कपड़े पहनकर पूजापाठ करना चाहिए. इससे सकारात्‍मक ऊर्जा का संचार होता है और आत्‍मविश्‍वास में वृद्धि होती है.

चंद्रघंटा के लिए कौन-सा रंग
नवरात्रि के तीसरे दिन माता चंद्रघंटा की पूजा होती है. मां चंद्रघंटा को लाल जोड़े में रहना पसंद है, इसलिए भक्‍तों को भी लाल रंग पहनकर पूजा करनी चाहिए. लाल रंग वृद्धि और समृद्धि का प्रतीक है और इससे सौभाग्‍य में वृद्धि होती है.

कूष्‍मांडा की पूजा किस रंग में
नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्‍मांडा की पूजा की जाती है. इस दौरान भक्‍तों को माता की विशेष कृपा पाने के लिए गहरे नीले रंग या फिर बैंगनी रंग के कपड़े पहनकर पूजा करनी चाहिए, जिससे घर में समृद्धि आएगी और माता की कृपा बरसेगी.

स्‍कंद माता की पूजा
पांचवा दिन देवी के स्‍कंदमाता वाले रूप का होता है. अगर इस मां की पूजा से विशेष फल प्राप्‍त करना है तो पीले या सफेद वस्‍त्रों में इनकी पूजा करनी चाहिए. इस तरह पूजा करने से भक्‍तों की इच्‍छाएं पूरी होती हैं और उन्‍हें मुक्ति मिल जाती है.

कात्‍यायनी की पूजा गुलाबी कपड़ों में
नवरात्रि के 6वें दिन मां कात्‍यायनी की पूजा की जाती है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन कुंवारी कन्‍याएं गुलाबी वस्‍त्र पहनकर पूजा करें, तो उन्‍हें शीर्ष ही मनवांछित वर की प्राप्ति हो जाती है. कात्‍यायनी देवी की कृपा से शत्रुओं को हराना आसान होता है.

कालरात्रि का पूजन कैसे करें
माता कालरात्रि स्‍वरूप की पूजा नवरात्रि के 7वें दिन की जाती है. यह पूजा कत्‍थई रंग के कपड़ों में की जाए तो माता रानी की विशेष कृपा मिलती है.

महागौरी की पूजा
नवरात्रि के 8वें दिन महागौरी की पूजा की जाती है. महागौरी गाय की सवारी करती हैं और इनका रंग भी सफेद है. लिहाजा महागौरी की पूजा अगर सफेद या बैंगनी रंग के कपड़ों में की जाए तो माता की विशेष कृपा प्राप्‍त होती है. महागौरी की कृपा से पाप का नाश हो जाता है.

सिद्धिदात्री की पूजा हरे रंग में
आखिरी यानी नौवें दिन माता सिद्धिदात्री की पूजा होती है और इस दिन हरे रंग के कपड़े पहनकर पूजा करनी चाहिए. यह रंग खुशहाली का प्रतीक है ओर इसे पहनकर पूजा करने से घर में सौभाग्‍य और खुशहाली आती है.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]