हरियाणा JJP अध्यक्ष निशान सिंह का पार्टी से इस्तीफा

हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (JJP) को बड़ा झटका देते हुए प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह ने सोमवार को पार्टी छोड़ दी. निशान सिंह के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है.कयास लगाए जा रहे हैं कि जेजेपी के कई विधायक भी उनके साथ जाएंगे. 2018 में जेजेपी के गठन के बाद निशान सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी.
हरियाणा में बीजेपी के साथ साढ़े चार साल का गठबंधन तोड़ने के बाद, अजय चौटाला के नेतृत्व वाली जेजेपी ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वह राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी. हरियाणा की सभी 10 सीटों पर लोकसभा चुनाव 25 मई को होंगे. बीजेपी ने पहले ही सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है.
कमलेश सैनी ने भी दिया इस्तीफा
वहीं जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह के अलावा पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और नारनौल नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने भी पार्टी को अलविदा कहा है. उन्होंने जेजेपी अध्यक्ष अजय चौटाला को ई-मेल के माध्यम से इस्तीफा भेजा है. उनके इस्तीफे में लिखा गया है कि तत्काल प्रभाव से उनका त्याग पत्र माना जाए.
बीजेपी से गठबंधन टूटने के साथ जेजेपी में मनमुटाव बढ़ा
बीजेपी से गठबंधन टूटने के साथ ही जेजेपी नेताओं में मनमुटाव की खबरें आ रही हैं. जेजेपी के कुछ विधायक भी नाराज बताए जा रहे हैं. वहीं निशान सिंह की नाराजगी पहले भी देखने को मिली थी, जब 2019 कांग्रेस छोड़कर जेजेपी में शामिल हुए देवेंद्र बबली को उनकी जगह टिकट दे दिया गया था. निशान सिंह 2000 में टोहाना से विधानसभा का चुनाव जीता था. वे टोहाना से 2019 में विधानसभा चुनाव के समय प्रबल दावेदार माने जा रहे थे. लेकिन, पार्टी ने देवेंद्र बबली को टोहाना से चुनाव मैदान मे उतारा. उस समय निशान सिंह की नाराजगी नजर आई थी.
